काशी से खजुराहो तक दौड़ेगी वंदे भारत, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, तैयारियाँ पूरी

काशी से खजुराहो तक दौड़ेगी वंदे भारत, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, तैयारियाँ पूरी

वाराणसी (रणभेरी): बनारस से खजुराहो के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर की सुबह बनारस स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रविवार देर शाम ट्रेन का रैक बनारस स्टेशन पहुंच गया। आठ कोच वाली यह सेमी-हाईस्पीड ट्रेन 442 किलोमीटर की दूरी लगभग आठ घंटे में तय करेगी।

यह ट्रेन बनारस जंक्शन से संचालित होगी और सप्ताह में छह दिन चलेगी। बृहस्पतिवार को इसका संचालन नहीं होगा। PM मोदी 7 नवंबर की शाम दो दिवसीय काशी दौरे पर आएंगे और अगले दिन सुबह 8 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 से वंदे भारत को रवाना करेंगे। यात्रियों के लिए सामान्य दिनों में ट्रेन का समय सुबह 5 बजे रहेगा, जो दोपहर 1:10 पर खजुराहो पहुंचेगी।

स्टेशन पर पहुंची वंदे भारत, तैयारियाँ तेज ट्रेन के आगमन के बाद इसे सजाने-संवारने का काम शुरू कर दिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के एजीएम विनोद कुमार शुक्ला ने रविवार को बनारस स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। डीआरएम आशीष कुमार जैन और अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण के दौरान एजीएम ने उद्घाटन दिवस पर यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न होने के निर्देश दिए।

DM और कमिश्नर ने भी की समीक्षा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने भी स्टेशन पहुंच कर तैयारियों की समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने तथा यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने निर्देशित किया। प्लेटफॉर्म, विशिष्ट कक्ष और सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया गया।

शुभ संयोग में होगी शुरुआत काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व सदस्य प्रो. चंद्रमौलि उपाध्याय ने बताया कि 8 नवंबर शनिवार, मृगशिरा नक्षत्र और शिवयोग का संयोग है। अंक विद्या के अनुसार भी 8 नंबर शुभ माना गया है। यह दिन गणेश चतुर्थी का भी है, ऐसे में काशी में इस ट्रेन का शुभारंभ विशेष रूप से मंगलकारी माना जा रहा है।

ट्रेन का संचालन समय

बनारस से खजुराहो (सुबह प्रस्थान)

स्टेशन    समय

बनारस    5:25
वाराणसी    5:35–5:40
विंध्याचल    6:55–6:57
प्रयागराज छिवकी    8:00–8:05
चित्रकूट धाम    10:05–10:07
बांदा    11:08–11:10
महोबा    12:08–12:10
खजुराहो    1:10 बजे दोपहर

खजुराहो से बनारस (शाम प्रस्थान)

स्टेशन    समय

खजुराहो    3:20 शाम
महोबा    4:10–4:20
बांदा    5:13–5:15
चित्रकूट धाम    6:13–6:15
प्रयागराज छिवकी    8:20–8:25 रात
विंध्याचल    9:10–9:12
वाराणसी    10:45–10:50
बनारस    11:00 रात