सुल्तानपुर में ओम प्रकाश राजभर ने सपा पर कसा तंज, कहा- अखिलेश को अक्ल नहीं, नकल भी नहीं कर पाए

सुल्तानपुर में ओम प्रकाश राजभर ने सपा पर कसा तंज, कहा- अखिलेश को अक्ल नहीं, नकल भी नहीं कर पाए

(रणभेरी): योग दिवस पर आज योगी सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर सुल्तानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर  मीडिया के सामने तंज कसते हुए कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) कहते थे, नकल करने पर अकल आती है, लेकिन अखिलेश यादव तो नकल भी नहीं कर पाए। इसलिए उन्हें अक्ल भी नहीं आई। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा दंगे अखिलेश सरकार में हुए। उन्होंने कहा, सपा सरकार में 800 दंगे हुए थे। पिछड़ों का हक लूटने वाली समाजवादी पार्टी है।  86 में 46 यादव एसडीएम बना दिए गए।  कभी 27 परसेंट बांटकर सब लोगों को देने की बात अखिलेश यादव करते हैं। हाईकोर्ट ने आरक्षण बांटकर सबको देने के लिए कहा था अखिलेश मुख्यमंत्री थे, लेकिन कुछ कर नहीं पाए. साढ़े 22% आरक्षण मायावती ने दिया था, लेकिन अखिलेश अपने लोगों को वह भी नहीं दे पाए.


यूपी में बढ़ रहे  क्राइम के सवाल पर राजभर ने योगी सरकार का बचाव किया। उन्होंने कहा- केवल हल्की-फुल्की घटनाएं सामने आ रही हैं, स्थिति नियंत्रण में है। वहीं, बिजली संकट पर मंत्री ने कहा- भीषण गर्मी के चलते यह समस्या गंभीर हो गई है।

आज सभी ब्लॉकों और तहसीलों में योग चल रहा है। यह हम लोगों का प्रयास है। पंचायती राज विभाग सेंटर खोल रहा है, ताकि लोग वहां आकर योगाभ्यास करें। योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्राप्त होता है, जो हर व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है।
पूरी दुनिया स्वस्थ, खुशहाल और निरोग रहे तथा योग करे, यही संदेश हमारे देश के प्रधानमंत्री का है। 11 साल पहले प्रधानमंत्री ने जो प्रयास भारत में शुरू किया, वह आज पूरी दुनिया में फैल चुका है। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री का जो विजन है, उसे अब पूरी दुनिया मान रही है। 15-20 साल पहले हम सब खुले में शौच करते थे। जब प्रधानमंत्री ने लाल किले से शौचालय की बात की, तो देश में बहुत लोगों को बुरा लगा कि प्रधानमंत्री को लाल किले जैसे मंच से यह मुद्दा नहीं उठाना चाहिए था। लेकिन पंचायती राज विभाग ने इसके लिए अभियान शुरू किया। अब 90% लोग शौचालय का इस्तेमाल करने लगे हैं।