सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, सवारियों से भरी बस पलटी,आठ लोग घायल

 सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, सवारियों से भरी बस पलटी,आठ लोग घायल

सोनभद्र। सवारियों को लेकर बीजपुर से रेणुकूट जा रही प्राइवेट बस अंजानी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह महिलाओं समेत आठ यात्री घायल हुए। सभी को एनटीपीसी रिहंद के धनवंतरि अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिस जगह बस पलटी, वहां पास से ही 11 केवी का तार गुजर रहा था।
संयोग रहा कि बस उसकी चपेट में नहीं आया। प्राइवेट बस सुबह करीब साढ़े 9 बजे सवारी लेकर बीजपुर से रेणुकूट के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। अंजानी गांव के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकराते हुए पलट गई।  हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। सवारियों को किसी प्रकार बस से बाहर निकाला गया। प्रभारी निरीक्षक बीजपुर अखिलेश कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में आठ यात्रियों को चोट आई थी। 
इसमें महरीकला निवासी किशुन बिहारी (53), गुलपत देवी (40), दुद्धी के मनबसा निवासी संतोष कुमार (25), रीना कुमारी (19), बीजपुर निवासी सुषमा कुमारी (20), बभनी निवासी ललिता (32), पिंडारी निवासी शिव कुमारी (20) और प्रीति (3) शामिल हैं। सभी को धनवंतरी चिकित्सालय रिहंद में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है। अन्य यात्रियों को घटनास्थल से ही दूसरे साधन से आगे रवाना कर दिया गया। 
सीओ दुद्धी राजेश कुमार ने बताया कि बस पलटने से आठ यात्री घायल हुए हैं। सभी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। सभी की स्थिति सामान्य है। यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल रहा है।