सिनेमा प्रेमियों के लिए खुशखबरी: 14 नवंबर को पर्दे पर दस्तक देंगी कई नई फिल्में
(रणभेरी): सिनेप्रेमियों के लिए 14 नवंबर 2025 का दिन बेहद खास साबित होने वाला है। इस दिन सिनेमाघरों में कई फिल्में रिलीज़ होने जा रही हैं, जो दर्शकों को भरपूर मनोरंजन का वादा करती हैं। इस कड़ी में बॉलीवुड, साउथ और हॉलीवुड की फिल्में शामिल हैं।
- दे दे प्यार दे 2- अजय देवगन और रकुलप्रीत सिंह की फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ कल सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। यह फिल्म साल 2019 में आई ‘दे दे प्यार दे’ की सीक्वल है। फिल्म में अजय देवगन के साथ आर माधवन, गौतमी कपूर और मीजान जाफरी जैसे नए चेहरे नजर आएंगे।

- कांथा- साउथ अभिनेता दुलकर सलमान की फिल्म ‘कांथा’ भी कल रिलीज़ हो रही है। फिल्म में 1950 के दशक का दौर दिखाया गया है। कहानी जुनूनी फिल्ममेकर अय्या और उनके बेटे के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। दुलकर सलमान के अलावा फिल्म में समुथिरकानी मुख्य भूमिका में हैं।

- काल त्रिघोरी- हॉरर फिल्मों के शौकीनों के लिए ‘काल त्रिघोरी’ कल सिनेमाघरों में आ रही है। फिल्म में अरबाज खान मुख्य भूमिका में हैं और कहानी भूत-प्रेत और जादू-टोने के इर्द-गिर्द घूमती है। राजेश शर्मा और मुग्धा गोडसे भी फिल्म में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।

- द रनिंग मैन- हॉलीवुड की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘द रनिंग मैन’ भी 14 नवंबर को रिलीज़ हो रही है। एडगर राइट के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ग्लेन पॉवेल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

- दाउद- तमिल फिल्म ‘दाउद’ भी कल सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। इसमें दथो राधारवी, लिंगा, साई धीना, अभिषेक, जयकुमार और शरा अहम रोल में हैं। दर्शकों की उत्सुकता इस फिल्म के प्रदर्शन को लेकर बढ़ रही है।

- लव ओटीपी- अभिनेता से निर्देशक बने अनीश तेजेश्वर अपनी दूसरी फिल्म ‘लव ओटीपी’ के साथ वापसी कर रहे हैं। यह फिल्म तेलुगु और कन्नड़ भाषा में रिलीज़ हो रही है। अनीश तेजेश्वर, जाह्नविका कलाकेरी और राजीव कनकला फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में हैं।
सिनेमा प्रेमियों के लिए 14 नवंबर वाकई मनोरंजन का धमाका लेकर आ रहा है। थिएटर्स में दर्शकों की भीड़ बढ़ने की पूरी संभावना है।











