सोनभद्र में दिल दहला देने वाली घटना: पति से फोन पर झगड़े के बाद मां ने 10 महीने के बेटे को चूल्हे में झोंका, फिर फंदे से लटककर दी जान

सोनभद्र में दिल दहला देने वाली घटना: पति से फोन पर झगड़े के बाद मां ने 10 महीने के बेटे को चूल्हे में झोंका, फिर फंदे से लटककर दी जान

(रणभेरी):  उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बभनी थाना क्षेत्र के जोबेदह आसनडीह गांव में एक महिला ने अपने 10 महीने के मासूम बेटे को जलते चूल्हे में झोंक दिया, जिससे वह तड़प-तड़पकर जिंदा जल गया। इसके बाद महिला ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह जब परिजन जागे तो घर में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतका राजपति (25) बुधवार को ही अपने ससुराल छत्तीसगढ़ के ढेंगरपानी से मायके सोनभद्र आई थी। रात में उसने अपने पति से फोन पर बात की थी, इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में राजपति ने पहले अपने छोटे बेटे को जलते चूल्हे में झोंक दिया और फिर खुद फांसी लगा ली।

सुबह जब परिजन उठे तो बरामदे में चूल्हे में मासूम का अधजला शव देखा। अंदर कमरे में जाकर देखा तो महिला फंदे से लटक रही थी। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वारदात से पहले महिला की अपने पति से फोन पर कहासुनी हुई थी। इसी के बाद उसने यह कदम उठाया।

परिजनों के मुताबिक, राजपति का पति पतिराज मुंबई के कुर्ला इलाके में काम करता है। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। महिला का बड़ा बेटा हादसे के वक्त अपने मामा के साथ दूसरे कमरे में सोया था, जिससे उसकी जान बच गई।

महिला के पिता रामसुंदर ने बताया कि बेटी बुधवार को ही मायके आई थी। रात में सभी ने साथ में भोजन किया था और फिर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। देर रात यह भयावह घटना कैसे और कब हुई, किसी को पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पति से फोन कॉल डिटेल निकलवाई जाएगी, ताकि वारदात से पहले की स्थिति स्पष्ट हो सके।