नगालैंड में NDPP-BJP गठबंधन से पहली बार कोई महिला बनीं विधायक, हेकानी और क्रुसे ने दर्ज की जीत
 
                                                                                    (रणभेरी): नगालैंड में पहली बार किसी महिला ने विधानसभा चुनाव जीतकर इतिहास रचा है। राज्य में पहली बार किसी महिला उम्मीदवार ने विधानसभा चुनाव जीता है। एनडीपीपी की हेकानी जखालू ने दीमापुर से ये जीत हासिल की है। हेकानी को भाजपा और एनडीपीपी गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरी थीं। उन्होंने लोजपा (रामविलास) की अजेतो जिमोमी को 1536 वोटों से मात दी। इसके अलावा एनडीपीपी और भाजपा गठबंधन की एक अन्य महिला उम्मीदवार सलहूतुनू क्रुसे ने पश्चिमी अंगामी सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार केनेजाखो नखरो को 12 वोटों के मामूली अंतर से हरा दिया।
आपको बता दे; नागालैंड के 1963 में राज्य बनने के बाद से यहां कोई महिला विधायक नहीं बनी थी। ऐसे में इस बार सबकी नजरें चार महिला उम्मीदवारों पर भी थी। यहां एनडीपीपी और बीजेपी मिलकर चुनाव लड़ रही थी। अकुलुतो विधानसभा सीट से BJP के मौजूदा विधायक काझेतो किनिमी निर्विरोध चुनाव जीते थे। 60 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए यहां 27 फरवरी को चुनाव हुए थे। इस बार कुल 83.63 फीसदी मतदान हुआ था। फिलहाल यहां नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) और बीजेपी (BJP) की गठबंधन सरकार है।
 
                





 
                     
                                                                                     
                                                                                     
                                                                                     
                                                                                     
                                                                                     
                                                                                     
                 
                 
                 
                 
                 
                 
                

 
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                    


