अहमदाबाद से वाराणसी आने वाली फ्लाइट तीन घंटे तक नहीं भर सकी उड़ान, फंसे यात्रियों ने किया हंगामा

अहमदाबाद से वाराणसी आने वाली फ्लाइट तीन घंटे तक नहीं भर सकी उड़ान, फंसे यात्रियों ने किया हंगामा

वाराणसी (रणभेरी): अहमदाबाद से वाराणसी आने वाली वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E - 6805 रविवार की शाम की तीन घंटे तक उड़ान नहीं भर सकी। रात दस बजे तक उड़ान न भरने पर यात्रियों ने विमान के अंदर हंगामा किया। क्रू मेंबरों ने यात्रियों को समझाया कि पायलट के नहीं आने से विलंब हुआ है। बुजुर्ग और बच्चे काफी परेशान हुए।

महमूरगंज के बड़ी गैबी निवासी अमर मुखर्जी ने एक्स पर शिकायत की है कि इंडिगो की अहमदाबाद की फ्लाइट तीन घंटे से भी अधिक समय तक उड़ान नहीं भर सकी। रात 10 बजे तक यह फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे पर ही है। लगभग 80 से अधिक यात्री परेशान हैं कि समय से वे वाराणसी कैसे पहुंचेंगे।

वही, दुर्गाकुंड मंदिर के पुजारी सोनू महाराज ने बताया कि हम लोग 6 बजे फ्लाइट में बैठ गए। हमें उसके बाद लगातार आश्वासन दिया गया कि कुछ देर में फ्लाइट उड़ेगी। लेकिन रात 10 बजे तक फ्लाइट न उड़ने पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। वहीं यात्रियों के परिजन बाबतपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट के इंतजार में हैं। इधर, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमान के अंदर क्रू मेंबर भी यात्रियों को सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। आखिर क्यों उड़ान नहीं भर पा रहे हैं।