गाजीपुर में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के सीने में बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

गाजीपुर में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के सीने में बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

वाराणसी (रणभेरी): गाजीपुर जिले के महेवा गांव में सोमवार सुबह चितावनपट्टी ग्राम प्रधान प्रतिनिधी अशोक यादव (42) को सोमवार की सुबह 6:30 बजे महेवा गांव के देसी शराब दुकान के आगे पोखरा के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से घायल अशोक की हालत गंभीर है। बेहतर उपचार के लिए गाजीपुर से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।

चितावनपट्टी ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि अशोक यादव गांव के ही अदन यादव के संग बाइक से महेश्वर नाथ मंदिर दर्शन पूजन करने के लिए जा रहे थे। तभी बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली सीने में लगते ही अशोक बाइक से गिर गए। इधर रदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आनन फानन ग्रामीण परिजन अशोक यादव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां से उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
सीने में गोली लगने से घायल अशोक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। वारदात को किस कारण अंजाम दिया गया, यह अभी साफ नहीं है। हालांकि, पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। कोतवाल संपूर्णानंद राय ने बताया कि आरोपियों को चिन्हित करने में पुलिस टीम जुटी हुई है।