होली से पहले रसोई गैस सिलेंडर में महंगाई की लगी आग

होली से पहले रसोई गैस सिलेंडर में महंगाई की लगी आग

(रणभेरी): होली से पहले रसोई गैस सिलेंडर ने महंगाई की ‘आग’ भड़का दी है। घरेलू बाजार में बुधवार सुबह रसोई गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ गए हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। कॉमर्शियल सिलेंडर आज से 350.50 रुपये महंगा हो गया है। सरकारी तेल कंपनियों की ओर से जारी 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में आज 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई। राजधानी दिल्‍ली में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का दाम अब 1103 रुपये पहुंच गया है। पहले यहां 1053 रुपये में सिलेंडर मिलता था। घरेलू सिलेंडर की कीमतों में करीब 8 महीने बाद बढ़ोतरी की गई है। वही यूपी की राजधानी लखनऊ में घरेलू एलपीजी सिलिंडर अब 1,140 रुपये में मिलेगा। इससे पहले, तेल विपणन कंपनियों ने नए वर्ष पर कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमत में 25 रुपये की बढ़ोतरी की थी। 

पिछले कुछ वर्षों में एलपीजी के दाम तेजी से बढ़े हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, एक अप्रैल, 2017 से 6 जुलाई, 2022 के बीच एलपीजी की कीमतों में 58 बार बदलाव हुआ। इससे एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 45 फीसदी की बढ़त हुई। आपको बता दें कि अप्रैल 2017 में एलपीजी सिलिंडर की कीमत 723 रुपये थी। जुलाई 2022 तक 45 प्रतिशत बढ़कर 1,053 रुपये हो गई थी।