वाराणसी में तेंदुए की दहशत...युवक को किया लहूलुहान, तलाश में जुटी वन विभाग की टीम

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरा कला स्थित कामाख्या नगर कॉलोनी में शुक्रवार सुबह तेंदुए ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। 25 लोगों के सामने उसकी पीठ, पेट और हाथ नोच डाले। लोगों ने लाठी फटकार कर उसे बचाया और अस्पताल पहुंचाया। हुआ यूं कि शुक्रवार को युवक फूल तोड़ने बाग में गया था, जहां उसने झाड़ियों में तेंदुए को छिपा देखा। उसने गांव वालों को फोन कर बुलाया। लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे।
उन्हीं में से एक, अमित मौर्य ने डंडा लेकर तेंदुए पर वार कर दिया। इसके बाद तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। यह देखकर पहले तो गांव वाले भाग खड़े हुए, फिर लाठी फटकार कर तेंदुए को भगाया। इसके बाद तेंदुआ रिहायशी इलाकों में घुस गया। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 100 कर्मचारी सुबह 9 बजे से सर्च अभियान चला रहे हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। 2 किलोमीटर एरिया में जाल बिछाया गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सूचना के एक घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम बिना किसी आवश्यक संसाधन के खाली हाथ पहुंची, जिससे तेंदुए को पकड़ने में देरी हुई। इस बीच, क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
डीएफओ स्वाति सिंह ने बताया कि ट्रेंक्विलाइजर गन गोरखपुर या लखनऊ से मंगाई जा रही है, जबकि पिंजरा और जाल दोपहर 12 बजे तक उपलब्ध करा दिए गए हैं। तेंदुए को पकड़ने के प्रयास लगातार जारी है।
वाराणसी शहर से 8 किमी दूर चौबेपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा बस्ती का है। यहां करीब 5,000 लोग रहते हैं। तेंदुए के आने से इलाके में दहशत है। लोग घरों के दरवाजे अंदर से बंद कर छतों पर बैठे हैं। प्रशासन ने भी लोगों को घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी है।