सासाराम और नालंदा में इंटरनेट बंद, धारा 144 लागू

सासाराम और नालंदा में इंटरनेट बंद, धारा 144 लागू

(रणभेरी): बिहार में रामनवमी जुलूस के दौरान दो पक्षों में हिंसा की घटनाएं सासाराम और नालंदा जिले में शुक्रवार को हुईं, लेकिन शनिवार को भी दोनों ही जगह 'स्थिति तनावपूर्ण किंतु नियंत्रण' में बताई जा रही है। जिसके बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई हिंसा (Sasaram Riot) और दो समुदायों के बीच पथराव और आगजनी के बाद इंटरनेट (Internet Banned) को अगले आदेश तक इलाके में बंद कर दिया गया है। वहीं पूरे रोहतास जिले में धारा 144 (Section- 144 Imposed) लागू कर दिया गया है। वही सासाराम में तनाव के कारण गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। दोनों जिलों में दोनों पक्षों के चुनिंदा लोगों के साथ कुछ घंटे में पुलिस शांति समिति की बैठक भी करने जा रही है। 

हालत यह है कि कादिरगंज, मुबारकगंज, चौखंडी नवरत्न बाजार में दुकानों के साथ घरों के दरवाजे भी बंद हैं। इसके बावजूद शनिवार को भी 10 मिनट के लिए पथराव की सूचना आई। इसमें किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। लेकिन, यह घटना बता रही है कि तनाव अब भी है। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके को छावनी के रूप में बदल चुकी है। सड़क पर रातम में गश्ती चलती रही और सुबह भी वही हालात हैं। एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दो लोगों पर केस दर्ज हुआ है। धारा 144 लागू रहने की जानकारी पुलिस माइक के जरिए दे रही है। इंटरनेट सेवा ठप रखकर अफवाहों को रोकने का प्रयास जारी है। पुलिस शांति समिति की बैठक की तैयारी में लगी है। 12 बजे शांति समिति की बैठक के लिए दोनों पक्ष से चुनिंदा लोगों को बुलाया गया है।