गाजियाबाद पुलिस ने फिल्म डायरेक्टर उत्तर कुमार को अमरोहा से दबोचा, जेल जाने से डरा, तबीयत बिगड़ी

(रणभेरी): गाजियाबाद पुलिस ने अभिनेत्री से यौन शोषण के आरोपी हरियाणवी फोक सिंगर और फिल्म डायरेक्टर उत्तर कुमार को सोमवार तड़के अमरोहा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सर्विलांस लोकेशन के आधार पर सुबह करीब 4:30 बजे उसके फार्महाउस पर छापेमारी की। उस समय उत्तर कुमार सो रहा था। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि आरोपी को गाजियाबाद लाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद जेल जाने के डर से उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक्ट्रेस ने सीएम आवास के बाहर की थी सुसाइड की कोशिश
6 सितंबर को कार्रवाई न होने पर पीड़ित एक्ट्रेस नोएडा से लखनऊ पहुंची थी। वहां सीएम आवास के पास उसने पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की थी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बोतल छीनकर उसकी जान बचाई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।
उस वक्त एक्ट्रेस ने आरोप लगाया था कि 24 जून को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाने में शिकायत देने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं हुई। बाद में हाईकोर्ट के आदेश पर 25 दिन बाद मुकदमा दर्ज हुआ। लेकिन कार्रवाई न होने पर वह मजबूर होकर आत्मदाह की कोशिश करने लगी।
उत्तर कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप
पीड़िता का आरोप है कि अगस्त 2020 में काम के दौरान उसकी मुलाकात उत्तर कुमार से हुई थी। उसने मुख्य भूमिका देने का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण किया। 2023 में एक देहाती फिल्म में लीड रोल का वादा भी किया।
हरियाणवी इंडस्ट्री से जुड़ा नाम
हापुड़ निवासी पीड़ित एक्ट्रेस फिलहाल नोएडा के सेक्टर-53 में रहती हैं। उन्हें हरियाणवी गाने ‘राजी बोल जा’ से पहचान मिली थी। वह कई म्यूजिक वीडियो और फिल्मों में काम कर चुकी हैं। वहीं, 7 अक्टूबर 1973 को गाजियाबाद में जन्मे उत्तर कुमार हरियाणवी फिल्मों का बड़ा नाम हैं। उन्होंने 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘धाकड़ छोरा’ से लोकप्रियता हासिल की और उसी नाम से पहचाने जाने लगे।