मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह : एक दूसरे के हुए 20 जोड़े 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह : एक दूसरे के हुए 20 जोड़े 

वाराणसी (रणभेरी सं.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत काशी विद्यापीठ ब्लॉक मुख्यालय पर भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रेनू पटेल ने की, जबकि कार्यक्रम की निगरानी खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राजेश यादव द्वारा की गई। इस आयोजन में क्षेत्र के 20 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार परिणय सूत्र में बंधते हुए जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मणों द्वारा पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। सिंदूरदान की रस्म के बाद वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, जिससे पूरे माहौल में उत्सव का उल्लास भर गया।

मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल भी मंचासीन रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उन्हें प्रमाण पत्र के साथ-साथ उपहार स्वरूप विभिन्न जरूरी सामान वितरित किए। उपहारों में कपड़े, बर्तन, पंखा, चांदी की पायल, बिछिया इत्यादि शामिल थे। यह सभी सामग्री नवविवाहित जोड़ों के लिए गृहस्थ जीवन के प्रारंभ हेतु दी गई। साथ ही मंच से यह घोषणा की गई कि सभी नवविवाहित वधुओं के बैंक खातों में सरकार द्वारा एक सप्ताह के भीतर 35,000 रुपए की धनराशि ट्रांसफर की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत यह सहायता राशि समाज कल्याण विभाग द्वारा दी जाती है। एडीओ समाज कल्याण शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी को गरिमा के साथ संपन्न कराना है। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह से न केवल खर्च कम होता है, बल्कि सामाजिक एकता का भी संदेश जाता है। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से अखिलेश यादव, सावन पटेल, श्यामबली पटेल, विनोद पटेल, अजय विश्वकर्मा, विकास पटेल, रामचंद्र गौतम सहित कई गणमान्य लोग इस आयोजन का हिस्सा बने। समारोह के दौरान पूरे परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। उत्सव का माहौल देखते ही बन रहा था। नवनवेली दुल्हनों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास की झलक साफ झलक रही थी, जबकि उनके परिजन सरकार की इस पहल के प्रति आभार जताते नजर आए।