ईद पर बाजारों में लौटी रौनक, खरीदारी करने पहुंच रहे लोग

ईद पर बाजारों में लौटी रौनक, खरीदारी करने पहुंच रहे लोग

वाराणसी (रणभेरी): ईद पर्व के चंद दिन रह गए हैं और बाजारों में खरीदारी शुरू हो गई है। मुस्लिम बंधु इसे हसी-खुशी और उत्साह के साथ मनाने की तैयारी में जुट गए हैं। बुधवार को दालमंडी में ठसाठस भीड़ थी। कपड़े, शृंगार प्रसाधन के साथ सेवई और मेवे आदि की खरीदारी हुई। ईद को देखते हुए बाजार गुलजार हैं। सुबह से लेकर रात तक खरीदारी के लिए भीड़ हो रही है। बच्चों से लेकर बड़ों के कपड़े के अलावा खानपान की चीजें भी खूब बिक रही हैं। दालमंडी में दिन में आसपास जिलों के अलावा ग्रामीण इलाकों के लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। जबकि शाम से रात तक लोकल लोग पहुंच रहे हैं।

महिलाएं व बच्चों की खासी भीड़ हो रही है। कपड़े, जूते-चप्पल, चूड़ी, पर्स, साड़ी, बच्चों के आकर्षक कुर्ता-पैजामा, जींस, सजावटी चीजों की मांग है। ईद 22 या 23 अप्रैल को चांद दिखने के अनुसार मनाई जाएगी। यदि 22 को चांद दिखा तो ईद 23 को अथवा 23 को चांद दिखा तो अगले दिन ईद (Eid) हो सकती है। ईद मुस्लिम समुदाय का सबसे प्रमुख त्योहार माना जाता है। ऐसे में इसे हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारी में जुट गए हैं। दरअसल, गत वर्षों में कोरोना त्रासदी की वजह से त्योहारों की रौनक फीकी रही। हालांकि इस बार स्थिति सामान्य है। ऐसे में लोग खुलकर त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे हैं। जमकर सामानों की खरीदारी हो रही है। इससे बाजार गुलजार नजर आ रहे हैं। देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल देखने को मिल रही है। दुकानदारों को भी ईद पर अच्छे व्यापार की उम्मीद है।