भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने परिजनों से की मुलाकात

भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने परिजनों से की मुलाकात

वाराणसी (रणभेरी): भोजपुरी ऐक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने 26 मार्च को वाराणसी के एक होटल में आत्महत्या कर ली थी। जिस दिन उनका शव मिला उसी दिन भोजपुरी स्टार पवन सिंह के साथ उनका गाना 'ये आरा कभी नहीं हारा' रिलीज हुआ था। उस दिन से लोग पवन सिंह के परिवार का हाल-चाल नहीं लेने से नाराज थे। पर सोमवार की रात पवन सिंह ने आकांक्षा के परिजनों और फैंस की नाराजगी दूर कर दी। पवन सिंह रात 10 बजे के बाद भदोही के बरदहा स्थित आकांक्षा के पैतृक गांव पहुंचे और मां मधु दुबे और परिजनों से मुलकात की।

भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने कहा कि आकंक्षा हर समय हंसी-मजाक करती थी। वह अंदर से काफी मजबूत थी और वह इस तरह से आत्महत्या कर लेगी हमें विश्वास नहीं है। हमें न्याय और कानून व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि आकांक्षा ऐसी लड़की नहीं थी कि वो सुसाइड करती, जो भी सत्यता है उसकी जांच पुलिस कर रही है और जल्द ही आकांक्षा की मौत के सम्बन्ध में सही जानकारी सामने आएगी। पवन सिंह ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में मै आकांक्षा के परिजनों के साथ हूं। सरकार से मांग है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच करवाकर इन्साफ किया जाए और मृत आत्मा को न्याय मिले सके।

मां ने सीबीआई जांच की उठाई मांग

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेज बेटी के खुदकुशी प्रकरण की जांच सीबीआई या सीबीसीआईडी से कराने की गुहार लगाई है। उनके अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सारनाथ पुलिस जांच में लापरवाही बरत रही है। उधर, प्रकरण में आरोपित भोजपूरी गायक समर सिंह व उसके भाई की अबतक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सारनाथ पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। बिहार, आजमगढ़, गोरखपुर समेत विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई लेकिन सफलता नहीं मिली। बता दें कि भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की लाश 26 मार्च को सारनाथ स्थित होटल के कमरे में फंदे से लटकती मिली थी। अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने आजमगढ़ निवासी भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके भाई संजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था।