मार्कंडेय घाट पर नहाते समय गंगा में डूबा युवक, हुई मौत, गोताखोरों ने दो घंटे बाद शव निकाला

दोस्तों के साथ जौनपुर से मार्कंडेय महादेव मंदिर कैथी में दर्शन पूजन करने आया था
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के मार्कंडेय घाट पर बुधवार को दोपहर में स्नान करते समय एक युवक पैर फिसलने से डूब गया। वह अपने दोस्तों के साथ मार्कंडेय महादेव मंदिर कैथी में दर्शन पूजन करने आया था। साथियों ने चिल्लाना शुरू किया तो स्थानीय मल्लाहों ने तलाश शुरू की बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला।
बरैछाबीर थाना चंदवक जौनपुर का निवासी अजय यादव का बेटा, हर्ष यादव ऊर्फ नितिन अपने दोस्तों के साथ बनारस आया था। उसके साथ उसके गांव के ही अजय यादव, प्रिंस यादव भी थे। दोपहर में यह लोग वाराणसी के मार्कंडेय महादेव मंदिर दर्शन पूजन गंगा स्नान करने पहुंचे। यह लोग स्नान करने के लिए नदी में उतरे थे। तभी उसका पैर गहरे गड्ढे में फिसल गया जिससे वह डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाया और पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर गोताखोरों की मदद ली।
दो घंटे तक गोताखोरों की तलाश के बाद किशोर का शव बरामद हुआ। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रविकांत मलिक ने बताया कि शव का पंचनामा भर कर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया। परिजनों को सूचना दी गई है वह लोग पहुंच रहे होंगे।