वाराणसी में मौसम की आंख मिचौली : दिन का पारा 40 के पार तो रात में बारिश से लुढ़कर 21.3 डिग्री

वाराणसी में मौसम की आंख मिचौली : दिन का पारा 40 के पार तो रात में बारिश से लुढ़कर 21.3 डिग्री

वाराणसी (रणभेरी सं.)। काशी में प्री मानसून का दौर शुरू हो गया है। मौसम ऐसा हो गया है कि दिन में प्रचंड गर्मी से पारा 40 डिग्री के पार और रात में बारिश से तापमान 21 डिग्री तक आ जा रहा है। 

गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस चला गया, वहीं बुधवार देर रात को दो घंटे में करीब सात मिलीमीटर की बारिश दर्ज की गई। इससे रात ठंडी हो गई, जिससे न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री तक दर्ज किया गया। इससे प्रदेश की दूसरी सबसे ठंडी रात बनारस की रही। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्री मानसून का ही प्रभाव है। पछुआ कमजोर हो गई है, लेकिन बीते कई दिनों से बह रही पुरवा नमी के साथ बनारस में बारिश करा रही है। हालांकि अब पुरवा कमजोर हो गई है, जिससे बृहस्पतिवार को गर्मी बढ़ गई।
15-20 दिनों तक ऐसा ही रह सकता है मौसम
प्रो. श्रीवास्तव ने कहा कि प्री मानसून में ऐसा ही देखा जाता है कि पूरे दिन भयानक गर्मी पड़ती है, लेकिन यदि वातावरण में नमी होती है तो शाम तक बादल भी जमकर बरसते हैं। ऐसा ही फेज बनारस में चल रहा है। अभी 15-20 दिनों तक ऐसा ही मौसम देखने को मिलेगा। 

बीच-बीच में लगातार भीषण गर्मी पड़ेगी तो कभी बारिश जैसी स्थिति होगी। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, जिले में आज तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान लगाया गया है। साथ ही बिजली भी तड़केगी। इसके बाद मौसम सामान्य होगा, लेकिन फिर मौसम करवट लेगा।