Varanasi: कपिलेश्वर गली में दो मंजिला मकान गिरने मचा हड़कंप, बाल-बाल बचीं पार्षद कनक लता मिश्रा

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी शहर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कपिलेश्वर गली में बुधवार को एक पुराना और जर्जर दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिरने से हड़कंप मच गया। मकान कई सालों से जर्जर था और मकान मालिक अपने परिवार के साथ दूसरे मकान में रहते थे। मकान गिरने से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस दौरान वहां से गुजर रहीं बिंदु माधव वार्ड की पार्षद कनक लता मिश्रा बाल-बाल बच गयीं। हादसे के वक्त वह माता ब्रह्मचारिणी मंदिर के दर्शन करके लौट रही थीं और जैसे ही मकान के पास पहुंचीं, इमारत भरभरा कर ढह गई।
इस समय गली बंद है। स्थानीय पार्षद ने जल्द से जल्द मलबा हटवाकर गली चालू करवाने की बात कही। बता दें कि इस मकान के जर्जर होने के बाद नगर निगम ने कई बार इसे गिराने की नोटिस दी थी। परिवार के खाली करने के बाद भी इसे गिराया नहीं जा सका था। मकान नंबर K 29/8 जब गिरा तो बिंदु माधव वार्ड की पार्षद कनक लता मिश्रा माता ब्रह्मचारिणी के दर्शन कर इस मकान के सामने से गुजरी थीं। अचानक से मकान गिरा तो वो भयभीत हो गईं। उन्होंने बताया यह मेरा वार्ड नहीं है। मैं मंदिर में दर्शन कर इधर से निकल रही थी। जैसे ही मकान के आगे आयी वैसे ही मकान धराशायी हो गया। अभी भी डर सा महसूस हो रहा है। मैंने फौरन आला अधिकारियों को सूचित कर दिया है।
कन्हैया लाल मल्होत्रा के मकान से सटे मकान के मालिक आशीष मल्होत्रा ने बताया - मकान पिछले डेढ़ साल से नए सिरे से बनने के लिए रुका हुआ है। इसमें रहने वाले अन्य जगह रहते हैं। जर्जर मकान है और इसे काई बार तोड़ने की बाद हम लोगों ने कही। नगर निगम ने नोटिस भी दी पर कोई सुनवाई नहीं हुई। आज अचानक से दोपहर 4 बजे यह भरभराकर गिर गया। जिससे गली बंद हो गई है।