UP Congress: कांग्रेस नेताओं की पुलिस से भिड़ंत, अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

UP Congress: कांग्रेस नेताओं की पुलिस से भिड़ंत, अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

(रणभेरी): लखनऊ में कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर बड़ा प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय से राजभवन घेरने जा रहे कांग्रेस नेताओं की पुलिस से जोरदार झड़प हुई है। कोंग्रेसियों को रोकने के लिए मौके पर भारी फोर्स मौजूद है। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के रास्ते पर लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। जिसके बाद पुलिस से कार्यकर्ताओं की तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार विरोधी नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यालय पर जमा हुए थे जहां से उन्होंने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजभवन घेराव को कूच किया था।

इस प्रदर्शन में लखनऊ और आसपास के जिलों से कांग्रेस नेताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के कारण विधानभवन और राजभवन के पास घंटों जाम लगा रहा। प्रदर्शन को लेकर पुलिसकर्मी पहले से ही मुस्तैद थे और पूरी तैयारियां कर ली गई थीं। पुलिस से भिड़ंत के दौरान कई कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी सहित नसीमुद्दीन सिद्दीक़ी, नकुल दुबे, प्रदेश मीडिया संयोजक लल्लन कुमार, अंशू अवस्थी, मुकेश धनगर, अजय राय, योगेश दीक्षित, अनिल यादव, दिनेश सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल रहे।