पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

अभी और बढ़ेगी ठंड, कोल्ड डे का अलर्ट, कोहरे से जनजीवन प्रभावित

शाम ढलते ही 5-7 डिग्री तक गिर रहा तापमान, बारिश के बाद और बढ़ सकती है ठंड, सतर्क रहने की सलाह

वाराणसी (रणभेरी) : पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं ने मैदानी क्षेत्रों में ठंड और ठिठुरन को और बढ़ा दिया है। वाराणसी समेत पूर्वांचल में गलन भरी सर्दी ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। मौसम विभाग ने कोल्ड डे को लेकर अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के संकेत दिए हैं। इसके साथ ही कोहरे का प्रकोप भी लगातार बना हुआ है, जिससे जनजीवन के साथ यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। ठंडी पछुआ हवाओं के चलते शाम ढलते ही तापमान तेजी से गिर रहा है। बीते दिनों की तुलना में शाम और रात के समय तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क जा रहा है। इससे गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। ठंड का असर इतना अधिक है कि लोग दिन में भी गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। धूप कमजोर पड़ने के कारण दिन के समय भी ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। ठंडी हवाएं तापमान को तेजी से गिरा रही हैं, वहीं घना कोहरा हालात को और गंभीर बना रहा है। शुक्रवार देर शाम से ही कोहरा छाने लगा था, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई है, जबकि ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। सुबह और देर शाम घना कोहरा छाने की संभावना है। साथ ही न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। कुछ पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हल्की बारिश के भी आसार जताए जा रहे हैं। बारिश के बाद ठंड और बढ़ सकती है।

विशेषज्ञों ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने गर्म कपड़े पहनने, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने तथा अनावश्यक रूप से रात में बाहर निकलने से बचने की अपील की है।