PM मोदी के आगमन से पहले बनारस में सुरक्षा और राजनीति का टकराव
वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बनारस आगमन से शहर के बनारस रेलवे स्टेशन पर भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव और एक पुलिस अधिकारी के बीच विवाद की खबर सामने आई। विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे, तभी यह घटना घटी।
जानकारी के अनुसार, विधायक सौरभ श्रीवास्तव स्टेशन पर पहुंचे और अपने साथियों सहित प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए तैयारियों का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान एक महिला पार्टी कार्यकर्ता रेलवे परिसर में स्कूटी से प्रवेश करने लगी, लेकिन RPF जवान ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।
विधायक इस कार्रवाई से नाराज हो गए और सीधे पुलिस अधिकारी से सवाल किया कि महिला कार्यकर्ता को क्यों रोका जा रहा है। इस दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विधायक ने CO से कहा, “जब कार्यकर्ता ही नहीं जाएंगे तो मेरे सामने आपका क्या काम है।” इसी पर CO ने विधायक को धक्का दे दिया, जिससे हंगामा बढ़ गया।
इस घटना को देखते ही विधायक के समर्थक भी मौके पर पहुँच गए। कुछ समय बाद अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मी भी घटनास्थल पर पहुँचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया गया। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि CO ने विधायक को धक्का दिया।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने इस घटना के बाद अधिकारियों से शिकायत की और कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसी को असुविधा न हो, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मौके पर स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण रही, लेकिन बाद में समर्थकों और अधिकारियों के प्रयास से मामला काबू में आ गया।











