अयोध्या में SBI ब्रांच मैनेजर ने सरयू में कूदकर दी जान, पत्नी को भेजी थी आखिरी लोकेशन

अयोध्या में SBI ब्रांच मैनेजर ने सरयू में कूदकर दी जान, पत्नी को भेजी थी आखिरी लोकेशन

(रणभेरी): अयोध्या में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। SBI के ब्रांच मैनेजर राम बाबू सोनी (38) ने सरयू नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह गोरखपुर हाईवे पर सरयू नदी पर बने पुल पर पहुंचे। वहां से उन्होंने पत्नी को अपनी आखिरी लोकेशन भेजी और पीठ पर लदा बैग उतारे बिना ही नदी में छलांग लगा दी। दिन का समय होने के कारण पुल पर काफी भीड़ थी। लोगों ने उन्हें कूदते देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 8 बजे सरयू नदी से उनका शव बरामद किया गया। उनके बैग में मिले कागजातों से पहचान राम बाबू सोनी के रूप में हुई। इसके बाद देर रात पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दी।

राम बाबू सोनी मूल रूप से गोंडा जिले के मनकापुर के रहने वाले थे और वर्तमान में बहराइच में SBI की एक शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर तैनात थे। वह 31 दिसंबर को बैंक नहीं गए थे। अयोध्या कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह के अनुसार, राम बाबू सुबह घर से दवा लेने की बात कहकर निकले थे। उन्हें अक्सर सिरदर्द की शिकायत रहती थी और इलाज चल रहा था। दोपहर में पुल के पास पहुंचने पर उन्होंने पहले मां शोभा देवी से फोन पर बात की, फिर पत्नी को लोकेशन भेजी और फोन स्विच ऑफ कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, राम बाबू की शादी 2011 में सिद्धार्थनगर जिले के बांसी की रहने वाली ऐश्वर्या लक्ष्मी से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं—13 वर्षीय ओजस्वी और 10 वर्षीय अन्वी। पत्नी गृहिणी हैं। महज 15 दिन पहले ही उन्होंने परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। उनके पिता विश्वनाथ सोनी का वर्ष 2001 में निधन हो चुका है।

परिवार ने बताया कि राम बाबू का 25 दिन पहले ही बहराइच ट्रांसफर हुआ था। इससे पहले वह असम में SBI में फील्ड अफसर रहे, फिर यूपी में बस्ती में आरबीओ के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बैग से मोबाइल फोन, दवाइयां और कुछ कागजात बरामद हुए हैं। पुलिस दो एंगल पर जांच कर रही है—पहला, लंबी बीमारी या इलाज से जुड़ा मानसिक तनाव और दूसरा, पारिवारिक या अन्य किसी विवाद की आशंका। हालांकि, फिलहाल आत्महत्या की ठोस वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।