आजमगढ़: बाजार से लौट रहे युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में आक्रोश, सड़क जाम
(रणभेरी): आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। ईटैंली बाजार से घर लौट रहे बाइक सवार युवकों पर पीछे से हमला किया गया। लाठी-डंडों से किए गए इस हमले में एक युवक की जान चली गई, जबकि घटना के बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दरियापुर नेवादा गांव निवासी 24 वर्षीय अखिलेश सोनकर ईटैंली बाजार में फास्ट फूड की दुकान चलाता था। बुधवार रात वह अपने दोस्त संदीप के साथ बाइक से बाजार गया था। देर रात घर लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने पीछे से हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठियों से अखिलेश के सिर पर वार किया। हालात बिगड़ते देख अखिलेश ने संदीप से बाइक तेज चलाने को कहा, लेकिन इसी दौरान वह संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ा।

बताया गया कि हमलावरों ने गिरते ही अखिलेश को घेर लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। जान बचाने की कोशिश में संदीप सीधे अखिलेश के घर पहुंचा और परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, अखिलेश की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुरुवार सुबह आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। सुबह छह बजे से नौ बजे तक लगभग तीन घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने 12 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
पुलिस के मुताबिक, करीब आठ महीने पहले उधारी को लेकर अखिलेश का जौनपुर निवासी तीन युवकों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस टीम को लगाया गया है।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में थाना मेहनाजपुर में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।











