पटना में 400 लोगों के साथ 'फुले' मूवी देख रहे राहुल गांधी, एंट्री नहीं मिलने पर कांग्रेसियों ने किया हंगामा

(रणभेरी): दरभंगा के अंबेडकर हॉस्टल में 'शिक्षा न्याय संवाद' कार्यक्रम में अपना संबोधन देने के बाद राहुल गांधी गुरुवार दोपहर 2 बजे पटना पहुंचे। यहां पर कांग्रेसियों ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से वो सीधे सिटी सेंटर मॉल पहुंचे। वहां 400 सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ थिएटर में 'फुले' मूवी देख रहे हैं। यह मूवी समाज सुधारक ज्योतिबा फुले पर आधारित है। फिल्म का पास होने के बावजूद थिएटर में एंट्री नहीं मिलने पर कई लोगों ने हंगामा किया।
कांग्रेस की ओर से दोपहर 2.20 बजे से 5.20 बजे तक के शो के लिए 400 टिकट खरीदे गए थे। इतना ही नहीं इस सिनेमा के लिए कांग्रेस की ओर से विशेष पास का वितरण किया गया है। राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मॉल में थिएटर के पास पहुंच गए। कांग्रेस की ओर से पहले ही साफ किया गया था कि राहुल गांधी केवल सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ ही सिनेमा देखेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रवेश नहीं दिया गया। इससे नाराज होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। हंगामा करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमारे पास विशेष पास होने के बावजूद हमलोगों को 'फुले' देखने से वंचित किया जा रहा है। थिएटर के अंदर जाने से रोका जा रहा है। ऐसा जान बूझकर किया जा रहा है। यह हमलोगों को अपमानित करने की साजिश है। राहुल गांधी के साथ सिनेमा देखने के अधिकार को छीना जा रहा है।
दरभंगा DM राजीव रौशन ने कहा है कि CRPC की धारा 163 का उल्लंघन करने के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राहुल के पहुंचने से पहले DM ने कहा था- 'स्थान बदलने में किसी मंत्री या अन्य व्यक्ति की भूमिका नहीं है।'
'देश में कहीं भी छात्रावास में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाती है। इसकी जानकारी उन्हें दे दी गई है। उनके अनुरोध पर ही टाउन हॉल में कार्यक्रम की परमिशन दी गई है। उम्मीद करता हूं कि कोई वायलेशन या हंगामा नहीं होगा'
दरभंगा में राहुल ने कहा कि '24 घंटे अत्याचार हो रहा है। आपके खिलाफ पेपर लीक हो रहा है। आपको बोलने नहीं दिया जा रहा है। सही तरीके से जातीय जनगणना होना चाहिए।' '90 प्रतिशत आबादी के लिए इस देश में कोई रास्ता नहीं है। सीनियर ब्यूरोक्रेसी में आपके लोग जीरो, डॉक्टर में आपके कितने लोग..जीरो, एजुकेशन सिस्टम में आपके कितने लोग जीरो, मेडिकल सिस्टम के मालिकों को देखो तो जीरो।'
'मनरेगा की लिस्ट देखो तो सारे के सारे लोग आपके हैं। मजदूरों की लिस्ट निकालो तो आपके लोगों से भरी पड़ी है। सारा का सारा धन और ठेकेदारी 8-10 प्रतिशत लोगों के हाथों में जाता है।'
'आपको इधर-उधर की बात सुनाकर ध्यान भटका दिया जाता है। लेकिन आपको एक साथ खड़ा होना है। बिहार की पुलिस ने मुझे रोकने की कोशिश की, लेकिन वे मुझे नहीं रोक पाई, क्योंकि आप सभी की शक्ति मेरे पीछे है। इसलिए दुनिया की कोई शक्ति नहीं रोक पाएगी।'
'लोकसभा में हमने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि आपको जाति जनगणना करानी पड़ेगी। संविधान को माथे से लगाना पड़ेगा। आपके दबाव से पीएम ने जातीय जनगणना कराने का ऐलान किया। लेकिन वो लोकतंत्र, संविधान और जाति जनगणना के खिलाफ हैं। यह अडाणी-अंबानी की सरकार है।' राहुल गांधी ने 3 मांगे भी कीं। उन्होंने कहा- 'देश में सही से जातीय जनगणना हो। प्राइवेट यूनिवर्सिटी में दलित, ओबीसी और आदिवासी को आरक्षण का लाभ मिले। दलितों, आदिवासियों को उनके हक का पैसा मिल।'