टहलने निकले वृद्ध की कुएं में गिरने से मौत

टहलने निकले वृद्ध की कुएं में गिरने से मौत

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के पांडेयपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती धोबियानी गली के पास शुक्रवार की देर रात  टहलने निकले मुन्ना तिवारी (86) की कुएं में गिरकर मौत हो गई। उनके कुएं में गिरने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फायर ब्रिगेड की मदद से बाहर निकलवाया। मुन्ना तिवारी के इकलौते बेटे अनंत तिवारी बताया कि उनके पिता रोज की भांति रात 2.30 बजे टहलने के लिए निकले। वह टहलने के बाद सुबह 4 बजे तक घर आ जाते थे। लेकिन इस बार नही आये तो उनकी तलाश शुरू हुई। आसपास तलाश के बाद भी उनका पता नही चला। संदेह गहराने लगा तो उन्होंने डायल 112 पर पिता की गुमशुदगी की सूचना दी। कुछ देर के बाद मौके पर फैंटम दस्ता पहुंचा।

पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही थी। तभी एक व्यक्ति ने आकर बताया कि धोबियानी गली में स्थित कुएं के पास छड़ी और गमछा पड़ा है। पुलिस के साथ लोग पहुचे। कुएं में झांककर देखा तो उनका शव पड़ा था। इसके बाद तुरंत सूचना देकर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से शव को कुएं से निकाला। परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों शोक में डूब गये। हालांकि परिवारवाले शव का पोस्टमार्टम नही कराना चाहते थे। इसलिए पुलिस ने पुत्र से तहरीर ली और क्षेत्रीय लोगों की गवाही लेने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।