गैस सिलेंडर में रिसाव से लगी आग, महिला झुलसी

गैस सिलेंडर में रिसाव से लगी आग, महिला झुलसी

    आग की लपटों से ढह गया मकान का आधा हिस्सा, एक अन्य घायल   

वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा इलाके में रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव से आग लग गई। घटना में मकान स्वामी त्रिलोकीनाथ गुप्ता की पत्नी उषा गुप्ता झुलस गई। घटना के दौरान मची अफरा-तफरी से पतली दीवार गिर गई। मौके पर भेलूपुर पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी ली। घटना के दौरान कमरे की दीवार गिरने से उषा के चाचा केशव प्रसाद गुप्ता घायल हो गये। उषा गुप्ता को पहले बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया जहां से उन्हें मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर रमाकांत दुबे ने बताया कि झुलसी महिला को भर्ती करा दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो आग इतनी जबर्दस्त थी की मकान का करीब आधा हिस्सा ढह गया।

दूसरी मंजिल पर खाना बना रही थी उषा

जानकारी के मुताबिक, झुलसी उषा गुप्ता मकान के दूसरी मंजिल पर किचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस रिसाव से आग लग गई। तेज लपटों की चपेट में उषा भी आग गई। इसके बाद लपटों से घिरी उषा भागती हुई घर के बाहर आयी। उसे जलता देख आसपास के लोग दहल गये। लोगों ने पानी फेंककर आग बुझाई। इस दौरान कमरे में आग से अन्य सामान भी जलने लगे। कुछ देर में उसकी एक दीवार गिर गई।

मकान में पड़ गई दरारें

लोग आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे तभी कमरे का दरवाजा चाचा केशव प्रसाद के हाथ पर गिरा और वह भी घायल हो गये। उनका स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया गया। परिजनों की माने तो आग इतनी प्रचंड की थी मकान में दरार आ गई। मंडलीय अस्पताल में उषा गुप्ता की हालत चिंताजनक है।