नेटवर्क मजबूत कर सक्रियता बढ़ाएगा सिविल डिफेंस

वाराणसी (रणभेरी सं.)। जिले में सिविल डिफेंस को अपनी सक्रियता बढ़ाने और नेटवर्क मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। सिविल डिफेंस में मंशा के अनुरूप काम न करने वाले पदाधिकारियों को हटाया जाएगा और सक्रिय भूमिका निभाने वाले वालंटियर्स को प्रोत्साहित किया जाएगा। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों को ग्राउंड वर्क तेज करने तथा रेग्यूलर ड्रिल कराने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर को इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और ड्रिल के लिए जरूरी उपकरणों की खरीद का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने का निर्देश दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से कराए गए मॉक ड्रिल की अहम जिम्मेदारी सिविल डिफेंस को सौंपी गयी थी। मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के बाद नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों को अपने अपने क्षेत्रों में लोगों को मॉक ड्रिल कर जागरूक करते रहने का निर्देश दिया गया है। नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक जितेन्द्र देव सिंह को युद्ध के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करने तथा आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित रहने के लिए क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए इसके बारे में नियमित जागरूकता कार्यक्रम के लिए पदाधिकारियों को लगाने का निर्देश दिया गया है। सिविल डिफेंस के सभी छहों प्रखंडों में वृहद स्तर पर मॉक ड्रिल करते रहने सायरन, संकेतों और सिग्नलों के आधार पर उचित निर्णय लेने के लिए लोगों को तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है। ब्लैक आउट व युद्ध के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता की जानकारी देने के लिए स्कूल कालेज, सार्वजनिक स्थानों पर ड्रिल व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने सिविल डिफेंस को अपने उपकरणों को अपडेट रखने और इसमें यदि कोई कमी है तो उसे दूर कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने सायरन समेत अन्य जरूरी उपकरणों की खरीद का प्रस्ताव बनाने का भी निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने सिविल डिफेंस की टीम को भी प्रशिक्षित कर सायरन, सिटी, टार्च, जैकेट, मेडिकल किट आदि से लैस करने का निर्देश दिया है।