जमशेदपुर में धार्मिक झंडे के अपमान को लेकर BJP नेता अभय सिंह समेत 50 गिरफ्तार

जमशेदपुर में धार्मिक झंडे के अपमान को लेकर BJP नेता अभय सिंह समेत 50 गिरफ्तार

(रणभेरी): झारखंड में जमशेदपुर के शास्त्रीनगर में एक धार्मिक झंडे के कथित अपमान को लेकर हुई हिंसा के संबंध 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि एक धार्मिक झंडे के कथित अपमान के बाद दो गुटों के बीच शास्त्रीनगर में हिंसक झड़क हो गई। उपद्रवियों ने जमकर पथराव किया साथ ही कई दुकानों और एक ऑटो-रिक्शा में आग लगा दी। बाद में स्थिती संभालने के लिए पुलिस ने रविवार शाम को क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बताया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अभय सिंह समेत 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सुबह इलाके में फ्लैग मार्च भी किया था। एसएसपी ने बताया कि शास्त्रीनगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के अनुसार, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े थे। उन्होंने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। जो लोग जमा हुए थे उन्हें घर भेज दिया है। साथ ही पूरे इलाके में जवानों को तैनात कर दिया गया है। वहीं अर्धसैनिक बलों ने आज सुबह इलाके में फ्लैग मार्च किया। तनाव को देखते हुए आंशिक रूप से मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है। पूर्वी सिंहभूम जिले की उपायुक्त विजया जाधव ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी साजिश को विफल करने के लिए आम नागरिकों से सहयोग का अनुरोध किया। पुलिस ने बताया कि इलाके में शनिवार रात तब से ही तनाव व्याप्त है जब एक स्थानीय संगठन के सदस्यों ने रामनवमी के झंडे को अपवित्र पाया।