गांव में घुसा तेंदुआ, बछड़े को नोच खाया

गांव में घुसा तेंदुआ, बछड़े को नोच खाया

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुंडा कला गांव में  रात को तेंदुआ घुस आया था। तेंदुए ने मंसूर खान की पाही पर बंधे बछड़ा पर हमला कर उसे नोच खाया। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। वन कर्मियों ने तेंदुए के पंजों के निशान के फोटो और नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिया है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। कुंडा कला निवासी मंसूर खान ने बताया कि रात में करीब 12 बजे तेंदुए ने पाही पर बाहर बंधे बछड़े पर हमला कर दिया। इसके बाद बछड़े को 100 मीटर दूर गेहूं खेत में खींच ले गया। तेंदुए ने बछड़े को क्षत-विक्षत कर दिया था। सोमवार को सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुआ आसपास कहीं छुपा हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। इसके बाद वन विभाग के रेंजर रामनारायण भी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने तेंदुए के पंजों के निशान के फोटो और मिट्टी के नमून एकत्र किए। रेंजर ने बताया कि बछड़े के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि गांव में तेंदुआ आया था या नहीं। सुरक्षा के लिहाज से गांव में एक गार्ड तैनात किया जाएगा। साथ ही विभागीय कार्रवाई के बाद पशुपालक को मुआवजा भी दिया जाएगा।