सपा सांसद प्रिया सरोज ने धान की रोपाई , सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोग बोले- जमीन से जुड़ी हैं....

सपा सांसद प्रिया सरोज ने धान की रोपाई , सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोग बोले- जमीन से जुड़ी हैं....

(रणभेरी):  सपा सांसद प्रिया सरोज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में प्रिया सरोज धान की रोपाई करती नजर आ रही हैं।  वीडियो को खुद उन्होंने शेयर किया है, जिसके कैप्शन में लिखा है- 'हमारा गांव...' इस पोस्ट पर यूजर्स जमकर रिएक्ट कर रहे हैं। 

प्रिया सरोज रविवार को वाराणसी स्थित अपने गांव करखियांव पहुंचीं। उन्होंने अपनी सहेलियों के साथ धान की रोपाई की। इसका वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। प्रिया सरोज जौनपुर में मछली शहर सीट से सांसद हैं। जबकि उनका गांव वाराणसी में है। सांसद प्रिया सरोज अपने गांव में थीं। उनके खेत में धान की रोपाई चल रही है। जिसे देखने के लिए सांसद खुद खेत में पहुंच गईं। धान की रोपाई कर रही महिलाओं को देखकर वह खेत में उतर गईं। उन्होंने अपने एक हाथ में धान की पौध थामा और दूसरे हाथ से रोपाई शुरू कर दी। एक सांसद को धान की रोपाई करते देख महिलाएं अचंभित हो गईं। जानकारी के मुताबिक, प्रिया सरोज ने लगभग 5 बिस्वा खेत में धान की रोपाई की। सोशल मीडिया पर लोग उनके वीडियो को काफी शेयर कर रहे हैं। लोग उन्हें जमीनी नेता बता रहे हैं।

साथ ही प्रिया सरोज ने जौनपुर जिले में बिजली आपूर्ति की खराब स्थिति को लेकर ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखा है। जिसमें कहा, पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में बिजली की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अनियोजित बिजली कटौती हो रही है। ट्रांसफॉर्मर जलने और वोल्टेज की अनियमितता से लोग परेशान हैं। कई दिनों तक बिजली न मिलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।

मड़ियाहूं तहसील के रिकेवीपुर, कोहड़ा और नयेपुर गांव में धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। छात्रों की पढ़ाई बाधित है। छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हैं। विभागीय अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। विद्युत विभाग की स्थानीय इकाइयां जनता की शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रही हैं।

सांसद ने UPPCL की कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने खराब बिजली लाइनों की मरम्मत और कटौती पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही नए ग्रिड या सबस्टेशन स्थापित करने की योजना बनाने को कहा है। लेटर की एक कॉपी जिलाधिकारी जौनपुर और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक को भी भेजी गई है।